बलरामपुर: ग्राम पंचायत बाहरचूरा के नदी पार पारा में वर्षों से पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों को अब बड़ी राहत मिल गई है।  अब ग्रामीणों को घर के समीप ही स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है, जिससे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।जनपद पंचायत रामचंद्रपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत बाहरचूरा का नदी पार पारा लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहा था। नदी के उस पार बसे केवल 8 परिवारों की बस्ती होने के कारण यहां मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना चुनौतीपूर्ण था। करीब 38 की आबादी वाले इस पारा के लोगों को हर दिन पीने के पानी के लिए संघर्ष करना पड़ता था।गर्मी के दिनों में परेशानी और बढ़ जाती थी।  ग्रामीणों के लिए यह केवल असुविधा नहीं, बल्कि रोज की कठिन परीक्षा थी।
ग्रामीणों की इस समस्या की जानकारी प्रशासन तक पहुंची तो मामले को गंभीरता से लिया गया। प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल पहल की और नदी पार पारा में बोर खनन कार्य शुरू कराया। कुछ ही समय में वहां नया हैंडपंप स्थापित कर दिया गया।हैंडपंप शुरू होते ही पूरे पारा में खुशी का माहौल बन गया। जिन परिवारों को रोज पानी के लिए संघर्ष करना पड़ता था, अब उन्हें घर के पास ही स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है। महिलाओं की मेहनत कम हुई है और बच्चों को भी राहत मिली है।

ग्रामीणों ने बताया कि अब उन्हें पानी के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। उन्होंने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील पहल के लिए आभार जताया। ग्रामीणों का कहना है कि यह हैंडपंप से उनके जीवन में  बड़ी राहत मिली है।

गौरतलब है कि जिला प्रशासन द्वारा दूरस्थ और जरूरतमंद क्षेत्रों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि कोई भी ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं से वंचित न रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!