

अंबिकापुर/दिल्ली: सरगुजा सहित पूरे छत्तीसगढ़ में सामाजिक न्याय और पारदर्शिता की अलख जगाने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. डी.के. सोनी को एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। उन्हें “इंस्पायरिंग इंडियंस” के तहत बेस्ट RTI एवं PIL एक्टिविस्ट अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान बैडमिंटन की वर्ल्ड चैंपियन, पद्म भूषण एवं पद्मश्री साइना नेहवाल के करकमलों से प्रदान किया गया।
देश की राजधानी नई दिल्ली में 13 दिसंबर 2025 को होटल रेडिसन ब्लू प्लाजा में आयोजित भव्य अवार्ड समारोह में डॉ. डी.के. सोनी को यह सम्मान आरटीआई एवं जनहित याचिकाओं (PIL) के माध्यम से राष्ट्र और समाज के हित में किए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया। यह डॉ. सोनी को मिला 48वां राष्ट्रीय सम्मान है।
डॉ. डी.के. सोनी पिछले दो दशकों से न्याय, पारदर्शिता और सामाजिक समानता के लिए लगातार संघर्षरत हैं। उन्होंने अब तक 4800 से अधिक RTI आवेदन दायर किए हैं और इन्हीं के आधार पर 18 से अधिक जनहित याचिकाएं, जिनमें सुप्रीम कोर्ट की 3 महत्वपूर्ण याचिकाएं भी शामिल हैं, दायर कर भ्रष्टाचार के खिलाफ मजबूत लड़ाई लड़ी है।
उनका योगदान केवल न्यायालयों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने जमीनी स्तर पर आदिवासी समुदायों, गरीब मजदूरों और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए निःस्वार्थ सेवा की है। बिना फीस के सैकड़ों मामलों में गरीबों की पैरवी करते हुए मजदूरी, भूमि अधिकार और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में उनकी अहम भूमिका रही है। उनके प्रयासों से अब तक एक करोड़ से अधिक लोग प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हुए हैं।
डॉ. सोनी की प्रमुख उपलब्धियों में वन संरक्षण अभियान, मनरेगा घोटालों का खुलासा, प्रोटोकॉल घोटाले में फर्जी बिलिंग का पर्दाफाश, पहाड़ी कोरबा जैसे विशेष रूप से कमजोर आदिवासी समुदायों को न्याय दिलाना, तथा भ्रष्टाचार और अवैध भूमि अधिग्रहण के खिलाफ जन आंदोलनशामिल हैं।उनके जीवन और संघर्ष पर आधारित एक हिंदी फिल्म “DK” भी बन चुकी है, जो शीघ्र ही आम जनता के लिए रिलीज होने वाली है।
अवार्ड मिलने पर डॉ. डी.के. सोनी ने कहा कि यह सम्मान उन्हें सामाजिक न्याय और जनहित के कार्यों को और अधिक ऊर्जा व मजबूती से आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है। इस उपलब्धि पर उनके शुभचिंतकों, अधिवक्ताओं और आम जनता में खुशी की लहर है।






















