अम्बिकापुर:  संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने मुक्तिपारा निवासी सीता रजवाड़े के घर दबिश देकर 23 लीटर महुआ शराब बरामद की है। आबकारी विभाग के अनुसार, महिला पर शराब बेचने के उद्देश्य से रखने का आरोप है। कार्रवाई के दौरान महिला सैनिक के साथ झूमाझटकी करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने का भी आरोप लगाया गया है।

आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को संभागीय आबकारी उड़नदस्ता कार्यालय, केदारपुर अम्बिकापुर में मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुक्तिपारा निवासी सीता रजवाड़े के घर बड़ी मात्रा में महुआ शराब बिक्री के लिए रखी गई है। सूचना के आधार पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी।
विभाग के मुताबिक, टीम के घर पहुंचने पर सीता रजवाड़े महुआ शराब से भरे बर्तन के पास बैठी थी। आरोप है कि वर्दीधारी अधिकारियों को देखकर उसने शराब को उलटने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ शराब गिर गई, लेकिन टीम ने उसे काबू में कर लिया। कार्रवाई के दौरान महिला सैनिक के साथ झूमाझटकी किए जाने की बात भी सामने आई है।मौके से बची हुई शराब की माप करने पर कुल 23 लीटर महुआ शराब बरामद कर जब्त की गई। आबकारी विभाग ने आरोपी महिला के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2) और 59(क) के तहत कार्रवाई की। इसके अलावा महिला सैनिक के साथ कथित झूमाझटकी और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में धारा 40(क) के तहत भी कार्रवाई की गई।विभाग के अनुसार, आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने, रिमांड लेने और जेल दाखिल करने की कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में महिला सैनिक राजकुमारी सिंह, चंद्रावती और आबकारी आरक्षक श्याम सुंदर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!