

सूरजपुर: कलेक्टर रेना जमील के निर्देश के अनुपालन में में जिला शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में शिक्षा एवं समग्र शिक्षा विभाग की विभागीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिले के समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्रोत समन्वयक एवं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में आगामी शिक्षा सत्र में स्कूलों के व्यवस्थित संचालन, प्रवेश उत्सव की तैयारी तथा शत-प्रतिशत छात्रों के समय पर विद्यालय में दाखिले हेतु रणनीति बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान सीजीएमएस पोर्टल अद्यतन, ई-एचआरएमएस पोर्टल पर कर्मचारियों की डाटा प्रविष्टि, सीधी भर्ती की जानकारी, सीजी स्कूल पोर्टल में मूलभूत जानकारी की प्रविष्टि तथा अपार आईडी के शत-प्रतिशत जनरेशन हेतु कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, विगत तीन वर्षों में पूर्ण निर्माण कार्यों के फोटोमय प्रतिवेदन तथा निर्माणाधीन शौचालयों को 15 जून तक पूर्ण कराने हेतु संबंधित निर्माण एजेंसी से समन्वय बनाने को कहा गया। साथ ही 15 जून तक शाला भवनों की लिपाई-पुताई, किचन शेड एवं पेयजल स्रोत की साफ-सफाई तथा शाला भवनों में विद्युत के खुले तार, स्विच एवं वायर कनेक्शन को कवर कराने के निर्देश दिए गए।बैठक में निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों के भंडारण, स्कैनिंग एवं वितरण, निःशुल्क गणवेश एवं सरस्वती सायकल वितरण, विद्युत विहीन शालाओं की जानकारी, सीडब्ल्यूएसएन छात्रों के सर्वेक्षण की तैयारी तथा समर कैंप के संचालन की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त उल्लास-नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में असाक्षरों का सघन सर्वे तथा सुशासन तिहार में प्राप्त मांगों एवं शिकायतों का नियमानुसार समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए गए।बैठक में सहायक संचालक शिक्षा, डीपीओ, डीएलएमए (उल्लास-नवभारत साक्षरता) मिशन समन्वयक समग्र सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




















