

रायपुर : बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक आदिवासी छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। मृतका के शरीर और गले पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस हत्या के एंगल से मामले की जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि मारपीट के बाद गला दबाकर उसकी जान ली गई।घटना मुजगहन थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मृतका के साथ रहने वाले युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
कांकेर की रहने वाली थी भारती, रायपुर में कर रही थी पढ़ाई
मृतका की पहचान 19 वर्षीय भारती नेताम के रूप में हुई है। वह कांकेर जिले के कोकपुर गांव की रहने वाली थी। भारती रायपुर के विकास महाविद्यालय में बीएड की पढ़ाई कर रही थी।जानकारी के मुताबिक, वह पिछले करीब 6 से 7 महीनों से कोंडागांव निवासी सावंत बघेल के साथ बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में किराए के मकान में रह रही थी। सावंत रावतपुरा सरकार महाविद्यालय का छात्र बताया जा रहा है।
बहन ने लगाए गंभीर आरोप, बताया पहले भी होती थी मारपीट
भारती की बड़ी बहन देविका नेताम ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि सावंत बघेल को भारती पर किसी अन्य व्यक्ति से संपर्क होने का शक था। इसी बात को लेकर वह अक्सर उसके साथ मारपीट करता था।देविका के अनुसार, घटना से एक दिन पहले भारती ने फोन कर बताया था कि सावंत ने उसके साथ दोबारा मारपीट की है। उसने घर वापस कोकपुर आने की इच्छा जताई थी, लेकिन उसके पास पैसे नहीं थे। इसके बाद देविका ने ऑनलाइन तीन हजार रुपए भेजे थे।इसके बाद 4 अगस्त की रात देविका को सूचना मिली कि भारती की तबीयत खराब होने के बाद उसे मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया है, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद वह 5 अगस्त को अपने पिता और बहन के साथ रायपुर पहुंची।
शरीर पर मिले चोट के निशान, हत्या का मामला दर्ज
पुलिस जांच में भारती की बाईं आंख के नीचे और गर्दन के पीछे चोट के निशान मिले हैं। इसके अलावा शरीर पर खून जमने के भी संकेत पाए गए हैं।देविका की शिकायत के आधार पर मुजगहन पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मुख्य संदेही सावंत बघेल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अब जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई।











