छत्तीसगढ़ : मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है और प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। बिलासपुर सहित कई जिलों में भारी वर्षा के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।

उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय साइक्लोनिक सरकुलेशन और द्रोणिका के प्रभाव से मानसून मजबूत बना हुआ है। इसके चलते उत्तर छत्तीसगढ़, खासकर सरगुजा और बिलासपुर संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।

इसके अलावा कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

रायपुर में कैसा रहेगा मौसम

राजधानी रायपुर में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। दिनभर आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग की सलाह

बारिश और आंधी-तूफान के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। यदि गरज-चमक शुरू हो जाए तो सुरक्षित भवन में शरण लें और अनावश्यक यात्रा से परहेज करें। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!