

बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम भाड़म में एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। खेत में काम करने के दौरान करंट की चपेट में आने से मां और उसके दो बेटों की मौके पर ही मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की एक साथ मौत से इलाके में मातम का माहौल है।
खेत की घेराबंदी करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, दसन बाई अपने खेत की मेड़ पर मवेशियों के प्रवेश को रोकने के लिए जीआई तार और नायलॉन की रस्सी से घेराबंदी कर रही थीं। इस दौरान उनके साथ 23 वर्षीय बेटा विवेक सिंगरौल और 14 वर्षीय सत्यव्रत सिंगरौल भी मौजूद थे। इसी बीच तीनों अचानक करंट की चपेट में आ गए। हादसा इतना तेज था कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
शाम तक घर नहीं लौटे तो खेत पहुंचे परिजन
मृतका के पति सीताराम सिंगरौल, जो पेशे से चालक हैं, जब शाम को घर पहुंचे तो पत्नी और दोनों बेटे घर पर नहीं मिले। काफी तलाश के बाद वे खेत पहुंचे, जहां तीनों के शव पड़े मिले। यह दृश्य देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने तत्काल कोटा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे गए शव
घटना देर शाम होने के कारण उसी दिन पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शनिवार को पुलिस ने मर्ग कायम कर तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिए गए।
करंट कैसे फैला, पुलिस कर रही जांच
प्रारंभिक जांच में मौत का कारण करंट लगना सामने आया है। हालांकि खेत में बिजली का करंट कैसे पहुंचा और हादसे की वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
गांव में शोक की लहर
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असामयिक मौत से ग्राम भाड़म में गहरा शोक है। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र की सबसे दुखद घटनाओं में से एक बताया है। पूरे गांव में मातम पसरा है और लोग पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।











