
Sports News: कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) 2026 के फाइनल में एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स ने इतिहास रचते हुए पहली बार खिताब अपने नाम कर लिया। केंसिंग्टन ओवल में खेले गए मुकाबले में मोईन अली की कप्तानी वाली फाल्कन्स ने जमैका किंग्समेन को 8 विकेट से हराया। जमैका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 170 रन बनाए, जिसके जवाब में फाल्कन्स ने 16.4 ओवर में 2 विकेट खोकर 173 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया।
सदाकत का तूफानी शतक, फिर भी नहीं बचा पाए जमैका
जमैका किंग्समेन की ओर से माज सदाकत ने फाइनल में शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने महज 58 गेंदों में 114 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। उनकी पारी के दम पर जमैका की टीम 170 रन तक पहुंच सकी। सदाकत CPL फाइनल में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज भी बने। उनके अलावा सैम अयूब ने 22 गेंदों में 29 रन बनाए।
हालांकि सदाकत के अलावा जमैका की बल्लेबाजी कुछ खास नहीं कर सकी। फाल्कन्स के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाए और जमैका को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया।
सुफियान मोकिम ने बरपाया कहर
फाल्कन्स की जीत में पाकिस्तान के गेंदबाज सुफियान मोकिम की भूमिका अहम रही। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 14 रन देकर 4 विकेट झटके। उनकी इस शानदार गेंदबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
हसन नवाज और अमिर जंगू ने दिलाई आसान जीत
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फाल्कन्स की शुरुआत तेज रही। शुरुआती विकेट गंवाने के बाद हसन नवाज और अमिर जंगू ने पारी को संभाल लिया। हसन नवाज ने 35 गेंदों में नाबाद 47 रन बनाए, जबकि अमिर जंगू ने 34 गेंदों में नाबाद 57 रन की पारी खेली। दोनों के बीच 89 रन की नाबाद साझेदारी ने फाल्कन्स को 16.4 ओवर में ही जीत तक पहुंचा दिया।
शादाब खान बने प्लेयर ऑफ द सीरीज
फाल्कन्स के खिताबी अभियान में पाकिस्तान के ऑलराउंडर शादाब खान का प्रदर्शन भी शानदार रहा। उन्होंने टूर्नामेंट में 132 रन बनाने के साथ 11 विकेट अपने नाम किए। इस ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।इस तरह CPL 2026 का खिताब एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स के नाम रहा, जबकि जमैका किंग्समेन को उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा।मुख्य स्कोर: जमैका किंग्समेन 170/9 — माज सदाकत 114; सुफियान मोकिम 4/14। एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स 173/2 (16.4 ओवर) — अमिर जंगू 57, हसन नवाज 47।




















