जशपुर: जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन शंखनाद के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतबा चौकी क्षेत्र के ग्राम बैगाबहार में कथित रूप से गौवंश वध और गौमांस रखने के मामले में 10 आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 55 किलो गौमांस, एक हीरो मोटरसाइकिल, टांगी, छुरी, रस्सी तथा गौमांस बिक्री से प्राप्त 2,000 नकद जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धाराओं 4, 5, 6 और 10 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बैगाबहार और रोकबहार के कुछ लोग बैगाबहार बरगोड़ा क्षेत्र में एक गौवंश का वध कर उसका मांस काट रहे हैं। सूचना मिलते ही चौकी कोतबा पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान आरोपी रंजीत एक्का की मोटरसाइकिल से एक बोरी में भारी मात्रा में गौमांस बरामद हुआ।पूछताछ में पुलिस के अनुसार रंजीत एक्का ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गौवंश को काटने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने मौके से कुल 10 आरोपियों को हिरासत में लेकर घटना में प्रयुक्त वाहन, धारदार हथियार और अन्य सामान जब्त कर लिया। आरोपियों की धरपकड़ में थाना तुमला पुलिस ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।जशपुर पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह** ने बताया कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौवंश से जुड़े अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!