

बलरामपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर नगर पंचायत में गुरुवार को सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुल 22 बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में नगर पंचायत के सीएमओ रविन्द्र लाल, नगर अध्यक्ष धरम सिंह, उपाध्यक्ष संजय सिंह सहित पार्षदगण एवं इंजीनियर उपस्थित रहे।
नगर पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। विशेष रूप से राजपुर बस स्टैंड में अव्यवस्थित रूप से संचालित हो रही दुकानों को लेकर गंभीर चर्चा हुई। दुकानों द्वारा आवश्यकता से अधिक स्थान घेरने की समस्या सामने आई थी, जिस पर नगर पंचायत द्वारा 24 अप्रैल को नोटिस जारी कर दुकानदारों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए थे।
निर्देश के पालन की स्थिति का जायजा लेने 25 अप्रैल की सुबह नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह, उपाध्यक्ष संजय सिंह तथा वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद विश्वास गुप्ता मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दुकानदारों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी, जिसके बाद दुकानदारों ने सर्वसम्मति से अपनी दुकानों को व्यवस्थित करना शुरू कर दिया।
इसके साथ ही बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय में साफ-सफाई का कार्य कराया जा रहा है तथा प्रकाश व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जा रहा है। पुलिस सहायता केंद्र में भी सफाई के साथ बिजली एवं पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।इस दौरान थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर उपस्थित रहे और व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन में सहयोग किया।

































