रायपुर। भनपुरी इलाके में एक मकान में आयोजित बताए जा रहे चंगाई सभा को लेकर शुक्रवार को विवाद की स्थिति बन गई। सेंधवा तालाब के पास महतारी चौक स्थित एक घर में करीब 25 से 30 लोगों के जुटने की सूचना के बाद हिंदू संगठनों के कुछ कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते मकान के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले को संभाला।

हिंदू संगठनों ने लगाए धर्मांतरण के आरोप

मौके पर पहुंचे हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आयोजन को लेकर आपत्ति जताई। संगठनों की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्यक्रम में शामिल लोगों की जांच कराने की मांग की गई। शिकायत में चंगाई सभा की आड़ में धर्मांतरण कराए जाने का आरोप लगाया गया है।

संगठन के पदाधिकारियों के मुताबिक, सुषमा वर्मा और घनश्याम वर्मा के मकान में लोगों के एकत्र होने की जानकारी मिलने के बाद कार्यकर्ता वहां पहुंचे थे।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

विरोध की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस की ओर से आयोजन से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि मकान में किस उद्देश्य से लोगों को बुलाया गया था, वहां वास्तव में किस तरह का कार्यक्रम आयोजित हो रहा था और शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।

आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी

मामले में हिंदू संगठनों ने धर्मांतरण का आरोप लगाया है, लेकिन आरोपों की वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस आयोजन से जुड़े लोगों और उपलब्ध तथ्यों की पड़ताल कर रही है। इस बीच इलाके में किसी तरह का तनाव न बढ़े, इसे लेकर पुलिस की मौजूदगी भी बनी हुई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!