सूरजपुर:  जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल के रूप में सरगुजा ओलंपिक 2025-26 का आयोजन किया जा रहा है। इस दिशा में आज विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर कलेक्टर  एस. जयवर्धन ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह ओलंपिक छिपी हुई खेल प्रतिभाओं के सामने आने का एक उत्कृष्ट अवसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से जिले को बेहतर खिलाड़ी अवश्य मिलेंगे।

स्टेडियम ग्राउंड, सूरजपुर में विकासखण्ड स्तरीय सरगुजा ओलंपिक खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता के प्रथम दिन आज जूनियर वर्ग (14 से 17 वर्ष) के पंजीकृत बालक एवं बालिकाओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों द्वारा सभी निर्धारित खेलों में उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन किया गया, जिससे खेल भावना और प्रतिस्पर्धा का अद्भुत माहौल देखने को मिला। इस प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।वहीं कल 04 फरवरी को सीनियर वर्ग (17 वर्ष से अधिक आयु) के पंजीकृत महिला एवं पुरुष खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इस अवसर पर जिला प्रशासन ने कहा कि निश्चित रुप से सरगुजा ओलंपिक के आयोजन से जिले के युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी तथा उन्हें जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच प्राप्त होगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!