

बलरामपुर: कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने किसानों को शासन की योजनाओं का समयबद्ध लाभ दिलाने तथा कृषि व्यवस्थाओं को परखने मैदानी स्तर पर आकस्मिक निरीक्षण किया। कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने विकासखंड वाड्रफनगर के ग्राम बड़कागांव स्थित सहकारी समिति का आकस्मिक निरीक्षण कर किसानों का एग्रीस्टेक पंजीयन एवं उर्वरक भंडारण व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पाई गई गंभीर लापरवाही एवं अनियमितताओं पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों , कर्मचारियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसानों एवं पीएम किसान सम्मान निधि योजना लाभार्थी किसानों का एग्रीस्टेक पंजीयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए तहसीलदार से निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध पंजीकृत किसानों की जानकारी ली। लक्ष्य के अनुरूप पंजीयन नहीं होने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा लापरवाही के लिए संबंधित ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों से जुड़ी शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान कलेक्टर ने सहकारी समिति बड़कागांव के उर्वरक गोदाम का निरीक्षण कर उपलब्ध खाद का स्टॉक पंजी से मिलान कराया। जांच के दौरान डीएपी खाद की वास्तविक उपलब्ध मात्रा और स्टॉक पंजी में दर्ज मात्रा में अंतर पाया गया, जिससे समिति के संचालन में गंभीर अनियमितता सामने आई। इस पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित समिति प्रबंधक को निलंबित करने के निर्देश दिए तथा पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि किसानों के हित सर्वोपरि हैं और उनसे जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता, कोताही अथवा नियमों की अवहेलना स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही उर्वरकों के भंडारण, उपलब्धता एवं वितरण की संपूर्ण प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही और सतत निगरानी के साथ संचालित की जाए, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप एग्रीस्टैक पंजीयन अभियान में तेजी लाते हुए प्रत्येक पात्र किसान का समयबद्ध पंजीयन सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को शासन की सभी कृषि योजनाओं एवं डिजिटल कृषि सेवाओं का लाभ सहजता और समय पर मिल सके।
इस दौरान कलेक्टर ने विकासखंड वाड्रफनगर के ग्राम चलगली एवं इंजानी स्थित लोक सेवा केंद्रों में एग्रीस्टेक पंजीयन की प्रगति एवं प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र किसान का एग्रीस्टेक पंजीयन समयबद्ध एवं त्रुटिरहित तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि डोर टू डोर विजिट कर प्राथमिकता से पंजीयन करें ताकि धान खरीदी एवं शासन की योजनाओं से लाभ लेने में वंचित न हो। कलेक्टर ने लोक सेवा केंद्र में पहुंचे किसानों से भी एग्रीस्टैक पंजीयन की जानकारी लेते हुये शेष किसानों का भी पंजीयन करने संबंधितों को निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री चेतन बोरघरिया उपस्थित रहे।











