

अंबिकापुर: सरगुजा जिले के प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) प्रदीप कुमार राय पर भ्रष्टाचार, अनियमितता, मनमानी और तानाशाही रवैये के आरोपों की जांच के आदेश जारी किए गए हैं। कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी और जिला पंचायत की उप संचालक को मामले की संयुक्त जांच सौंपी गई है।

जारी आदेश के अनुसार, कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी अंबिकापुर की लिपिक रोजालिया मिंज सहित समस्त लिपिक वर्ग ने प्रभारी बीईओ प्रदीप कुमार राय के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में वित्तीय अनियमितता, भ्रष्टाचार, मनमानी और कर्मचारियों के प्रति तानाशाही व्यवहार जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।जांच पूरी होने और अंतिम निर्णय आने तक प्रदीप कुमार राय को अस्थायी रूप से प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी के पद से हटाकर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, अंबिकापुर में कार्य करने के लिए संबद्ध किया गया है।वहीं, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी ललित कुमार जाटवर को आगामी आदेश तक अंबिकापुर का प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है। कलेक्टर द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि प्रदीप कुमार राय के खिलाफ इससे पहले लखनपुर में पदस्थापना के दौरान भी इसी प्रकार की शिकायतें सामने आ चुकी थीं। अब नए आरोपों के बाद प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।











