

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दिल्ली दौरे का आज दूसरा दिन बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है। रविवार को मुख्यमंत्री साय राजधानी दिल्ली में आयोजित भव्य जनजातीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस खास आयोजन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे और कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।यह आयोजन जनजातीय गौरव और आदिवासी संस्कृति को समर्पित माना जा रहा है, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग शामिल होने जा रहे हैं।
बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर विशेष आयोजन
यह सांस्कृतिक कार्यक्रम महान स्वतंत्रता सेनानी और जनजातीय समाज के प्रेरणास्रोत भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला मैदान में होगा।देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचे जनजातीय समुदाय के प्रतिनिधि इस आयोजन में अपनी संस्कृति, परंपरा और लोक कला का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
दिल्ली दौरे में विकास एजेंडे पर भी फोकस
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ में चल रहे विकास कार्यों, नई परियोजनाओं और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।सूत्रों के मुताबिक इंफ्रास्ट्रक्चर, जनकल्याण योजनाएं और केंद्र से मिलने वाले सहयोग को लेकर कई अहम बैठकों की संभावना है।
सतनामी समाज आज करेगा विशाल सम्मान कार्यक्रम
इधर छत्तीसगढ़ में सतनामी समाज द्वारा आज विशाल सतनाम सद्भाव पदयात्रा सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंत्री गुरु खुशवंत साहेब करेंगे।यह सम्मान समारोह उन पदयात्रियों के लिए आयोजित किया जा रहा है, जिन्होंने 18 से 22 फरवरी तक आयोजित पदयात्रा में हिस्सा लिया था। दोपहर 12 बजे मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में कार्यक्रम आयोजित होगा, जहां समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।





















