


बलरामपुर: छत्तीसगढ़ का 2026-27 का बजट आज विधानसभा में वित्तमंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा प्रस्तुत किया गया। संकल्प थीम पर यह बजट विकसित छत्तीसगढ़ के विजन डॉक्यूमेंट-छत्तीसगढ़ अंजोर 2047 पर आधारित है। बजट प्रदेश के समग्र विकास, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण, शिक्षा-स्वास्थ्य के विस्तार, युवाओं के रोजगार और किसानों के सशक्तिकरण पर केंद्रित रहा। बजट में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के संतुलित विकास के साथ सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को भी मजबूती प्रदान की गई है।
बजट में कृषि, महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, कौशल विकास और अधोसंरचना निर्माण को विशेष प्राथमिकता दी गई है। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने और उद्योगों को बढ़ावा देने के प्रावधान भी शामिल किए गए हैं। बजट में शिक्षा के क्षेत्र में नए संस्थानों की स्थापना, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, सड़कों व पुल-पुलियों के निर्माण तथा ग्रामीण अंचलों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए उल्लेखनीय प्रावधान किए गए हैं। इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने और आम नागरिकों को सीधा लाभ पहुंचेगा। बजट में महतारी वंदन योजना के लिए 8200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। राज्य में इस बजट सत्र में 250 महतारी सदन का निर्माण किया जाएगा, जिसके लिए 75 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। पीएम मातृत्व वंदन योजना के लिए 120 करोड, मितानिन कल्याण निधि के तहत 350 करोड़ तथा किसानों के लिए ब्याज मुफ्त ऋण के लिए 300 करोड़ का प्रावधान किया गया है। पीएम जनमन योजना अंतर्गत पीएम जनमन सड़क हेतु 500 करोड़ व पीएम जनमन आवास के लिए 200 करोड़ का प्रावधान किया गया है। कृषक उन्नति योजना के तहत 10000 करोड़ रुपये का प्रावधान है, जिसमें इस बजट सत्र में दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी, कपास जैस फसलों को शामिल किया गया है। राज्य में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 6500 करोड़ रुपये का प्रावधान, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लिए 4 हजार करोड़ रुपये, जल जीवन मिशन योजना के लिए 3000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
बजट सत्र में नई योजनाओं का किया जाएगा शुभारंभ
इस बजट सत्र में राज्य शासन द्वारा कई नई योजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा। जिसमें वीबी जीरामजी योजा के लिए 4000 करोड़ रुपये, बालिकाओं के जन्म पर रानी दुर्गावती योजना के तहत बालिका के 18 वर्ष पूर्ण होने पर 1.50 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री द्रुतगामी सड़क योजना के तहत 200 करोड़ तथा मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तर्ज पर नगरपालिका एवं नगर पंचायत के समग्र विकास के लिए मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना का शुभारंभ किया जाएगा, जिसके लिए 200 करोड़ का प्रावधान किया गया है। युवाओं को बेहतर शिक्षा तथा उनके कैरियर विकल्प व परीक्षा की तैयारी हेतु सीजीएस असिस्टेंट फॉर कॉम्पटेटिव एग्जाम के अंतर्गत उड़ान में नीट, जेईई, शिखर में यूपीएससी, सीजीपीएससी, मंजील में बैंक, रेलवे जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 33 करोड़ का प्रावधान किया गया है। जिला मुख्यालय में वरिष्ठ नागरिकों के लिए सियान-गुड़ी योजना के तहत 5 करोड़ का प्रावधान, स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट शाला योजना एवं राज्य के शासकीय कर्मचारियों को कैशलेश चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने हेतु 100-100 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इसी प्रकार शासन द्वारा इस वर्ष को महतारी गौरव वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है, जिसके तहत प्रदेश की लखपति दीदीयों को आर्थिक एवं वाणिज्यिक क्षेत्रों के भ्रमण के लिए 5 करोड़ का बजट प्रावधान किया गया है।
बजट में जिले के लिए घोषणाएं
विकास की गति को मिलेगी रफ्तार
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के द्वारा प्रस्तुत बजट में जिले के लिए भी कई घोषणाएं की गई है, जिसके अंतर्गत सड़कों का प्रावधान रोड नेटवर्क हेतु बलरामपुर से रामानुजगंज रिंग रोड के लिए 10 करोड का प्रावधान, साथ ही विकासखण्ड शंकरगढ़ से सुहेला-कांसाबेल तक टू-लेन सड़क निर्माण का प्रावधान किया गया है। सरगुजा-जशपुर विकास प्राधिकरण के लिए 75 करोड़, आलू प्रदर्शन विकास योजना के तहत आलू प्रोत्साहन के लिए बजट का प्रावधान किया गया है, जिसमें शंकरगढ़ भी शामिल है। इसी प्रकार जिले में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए बलरामपुर में साइबर थाना स्थापित किया जाएगा।
जिलेवासियों ने किया बजट का स्वागत
जिले के निवासियों ने इस बजट का स्वागत किया है। पस्ता निवासी सुषमा मिंज ने बजट को जनहितैषी बताते हुए कहा कि इससे महिलाओं और ग्रामीण परिवारों को विशेष लाभ मिलेगा। राजपुर निवासी शुभम सोनी ने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार से जुड़े प्रावधान सराहनीय हैं। बलरामपुर निवासियों ने इसे विकास का बजट बताते हुए कहा कि इससे प्रदेश की अधोसंरचना मजबूत होगी। साथ ही किसानों और आम नागरिकों के हितों को ध्यान में रखकर बजट तैयार किया गया है, जो राज्य को नई दिशा देगा।































