छत्तीसगढ़: प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार 3 से 5 जून के बीच राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान तेज हवाएं 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं.

अगले कुछ दिनों तक बदला रहेगा मौसम का हाल

मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दो दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. प्री मानसून गतिविधियों के कारण प्रदेश में भीषण गर्मी का असर फिलहाल कम बना हुआ है.

कहीं हल्की बारिश, कहीं तेज गर्मी का असर

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि अधिकांश जिलों में मौसम सामान्य रहा. तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया.राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके बाद दुर्ग में 40.4 डिग्री, रायपुर के माना एयरपोर्ट क्षेत्र में 39.2 डिग्री और बिलासपुर में 39 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.

सबसे ठंडा रहा पेंड्रा रोड क्षेत्र

न्यूनतम तापमान की बात करें तो पेंड्रा रोड सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अंबिकापुर और जगदलपुर में भी न्यूनतम तापमान लगभग 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा.

अगले तीन दिन रहेंगे अहम, बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी

मौसम विभाग ने कहा है कि प्रदेश में सक्रिय मौसम प्रणाली के चलते अगले तीन दिनों तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा. इससे लोगों को तेज गर्मी से राहत मिलेगी, हालांकि कुछ क्षेत्रों में सतर्क रहने की जरूरत भी बनी रहेगी.

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!