

छत्तीसगढ़ : मौसम का मिजाज लगातार बिगड़ा हुआ है और आंधी-बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार (12 जून) को जशपुर, कबीरधाम, दुर्ग, रायपुर, बेमेतरा, राजनांदगांव और मुंगेली समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई। कई जगहों पर बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल रहा।
60 से 70 किमी की रफ्तार से चली तेज हवाएं
बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़ और महासमुंद जैसे जिलों में तेज आंधी का असर देखने को मिला। यहां हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी इस तरह की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
राजनांदगांव सबसे गर्म, कई शहरों में पारा 40 के पार
बारिश और आंधी के बीच तापमान में भी बड़ा अंतर देखने को मिला। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा।
अन्य शहरों में तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया
रायपुर 40.8 डिग्री
बिलासपुर 41.5 डिग्री
दुर्ग 39.6 डिग्री
पेंड्रा रोड 38 डिग्री
अंबिकापुर 37 डिग्री
जगदलपुर 33 डिग्री
वहीं रायपुर में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे हल्की राहत भी महसूस की गई।
बस्तर संभाग में भारी बारिश का यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने बस्तर संभाग के जिलों जैसे कांकेर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा और नारायणपुर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।
अगले 2 से 3 दिन मौसम और बदलेगा
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। प्री मानसून गतिविधियां लगातार सक्रिय हैं और आने वाले दिनों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं।
मानसून की दस्तक के लिए बन रहा मजबूत सिस्टम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और झारखंड होते हुए मानसून अब छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा है। राज्य के कुछ हिस्सों में इसके प्रवेश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन चुकी हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी और सलाह
तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से परहेज करने की सलाह दी गई है।





















