

रायपुर। राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो/एंटी करप्शन ब्यूरो ने बहुचर्चित छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरिराज होटल के संचालक नितेश पुरोहित और उनके पुत्र यश पुरोहित को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ अपराध क्रमांक-04/2024 में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 12 तथा भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 और 120 बी के तहत मामला दर्ज है।
ब्यूरो के अनुसार आरोपी पिता-पुत्र मार्च 2024 से फरार चल रहे थे। सर्वोच्च न्यायालय ने सितम्बर और दिसम्बर 2024 में नो कोर्सिव एक्शन का आदेश पारित किया था, जिसके चलते गिरफ्तारी पर रोक थी। ब्यूरो की नोटिस पर ये दोनों पेश तो हुए, लेकिन जांच में कोई सहयोग नहीं किया। 17 सितम्बर 2025 को सुप्रीम कोर्ट द्वारा रोक हटाए जाने के बाद आज 19 सितम्बर को इन्हें रायपुर से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों पर आबकारी घोटाले की अवैध राशि के संग्रहण, भंडारण और लोकसेवकों व निजी व्यक्तियों तक वितरण का आरोप है। इससे पहले कल आबकारी विभाग के तत्कालीन आयुक्त निरंजन दास को भी इसी प्रकरण में गिरफ्तार किया गया था।ब्यूरो ने नितेश और यश पुरोहित को विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) रायपुर के समक्ष पेश किया, जहां से पूछताछ के लिए 25 सितम्बर तक पुलिस रिमांड मंजूर की गई है। एजेंसी ने बताया कि मामले में आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।






















