रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है। बीते 24 घंटे में कई जिलों में झमाझम बारिश दर्ज की गई, जिससे नदी-नाले उफान पर हैं और कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने आज मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।

अवदाब का असर, आज कई जिलों में भारी बारिश के आसार

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार झारखंड और ओडिशा के आसपास बने अवदाब का असर छत्तीसगढ़ पर भी दिखाई दे रहा है। इसके चलते 7 जुलाई को प्रदेश के मध्य और उत्तरी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। हालांकि 8 जुलाई के बाद बारिश की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आने के संकेत हैं।

बीते 24 घंटे में कई जिलों में रिकॉर्ड बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हुई। रायपुर में लगातार दूसरे दिन 8 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि पहले दिन यहां 15 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई थी।

सबसे अधिक वर्षा बलौदा बाजार में 20 सेंटीमीटर दर्ज की गई। इसके अलावा राजिम में 18 सेंटीमीटर, लवन में 17 सेंटीमीटर तथा गिधौरी, टुंड्रा और भाटापारा में 16-16 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

बलौदा, गोबरा नवापारा और बिलाईगढ़ में 15 सेंटीमीटर, राजनांदगांव, भटगांव, अकलतरा, पौड़ी उपरोड़ा, तिल्दा, चंद्रपुर और खरोरा में 14-14 सेंटीमीटर वर्षा हुई। वहीं पिथौरा, रायगढ़ और सिमगा में 13 सेंटीमीटर, जबकि तमनार, सोनाखान, मगरलोड, मस्तूरी, भैसमा, बोदरी और पथरिया में 12 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

इसके अलावा कोरबा, पाली, तखतपुर, बिल्हा, मंदिरहसौद, सीपत, पलारी, सारंगढ़, सकरी, सुहेला, पामगढ़ सहित कई इलाकों में 11 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। बरमकेला, सरसीवा, धारसींवा, कसडोल, लोरमी और सरायपाली समेत अन्य क्षेत्रों में 10 सेंटीमीटर तक बारिश हुई।

धमतरी, कुरूद, बिलासपुर, आरंग, रायपुर शहर, चांपा, मुंगेली, सक्ती और कई अन्य स्थानों पर 8 से 9 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

तापमान में आई गिरावट

लगातार बारिश के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में भी कमी दर्ज की गई। सोमवार को पेंड्रा रोड में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

आज कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहेंगे। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

बिजली गिरने का भी खतरा, सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने तथा अनावश्यक यात्रा नहीं करने की अपील की गई है। अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!