रायपुर: सरगुजा जिले के दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से शिक्षकों एवं चिकित्सकों के लिए आवासीय सुविधाओं के विस्तार को मंजूरी दी गई है। इस पहल के तहत मेडिकल स्टाफ क्वार्टर और शिक्षक आवासों के निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र दरिमा (अम्बिकापुर), कमलेश्वरपुर (मैनपाट), गुतुरमा (सीतापुर), केदमा (उदयपुर) तथा कुदरी (लखनपुर) में कुल 25 मेडिकल स्टाफ क्वार्टरों के निर्माण हेतु 2 करोड़ 49 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इन निर्माण कार्यों की जिम्मेदारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा को सौंपी गई है। क्वार्टर बनने से चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को कार्यस्थल के समीप आवास उपलब्ध होगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, निरंतरता और गुणवत्ता में सुधार आएगा।
 

इसी प्रकार, दूरस्थ क्षेत्रों में पदस्थ शिक्षकों को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विकासखंड मैनपाट के नर्मदापुर तथा उदयपुर विकासखंड में ट्रांजिट हॉस्टल (शिक्षक आवास) के रूप में 30 क्वार्टरों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इसके लिए 2 करोड़ 55 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इन कार्यों का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जाएगा। शिक्षक आवासों के निर्माण से दूरस्थ क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवास उपलब्ध होगा, जिससे विद्यालयों में उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित होने के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। जिले में इन आवासीय परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद है। साथ ही, आदिवासी एवं दुर्गम क्षेत्रों में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे आम नागरिकों तक बेहतर जनसेवाएं पहुंचाना और अधिक सुगम हो सकेगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!