रायगढ़: होली के मद्देनजर शहर में सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच शनिवार शाम सोशल मीडिया पर एक युवती को क्रेटा कार में जबरदस्ती बैठाकर ले जाने की खबर वायरल होते ही सनसनी फैल गई। मामला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आते ही कंट्रोल रूम से सभी नाकेबंदी और चेक पोस्टों को अलर्ट जारी किया गया।

पुलिस ने संदिग्ध काले रंग की क्रेटा कार की तस्वीर विभिन्न ग्रुपों में साझा कर तत्काल तलाश शुरू की। इसी दौरान इंदिरा विहार नो-एंट्री चेकपॉइंट पर तैनात यातायात आरक्षक सुनील मिश्रा की नजर संदिग्ध वाहन पर पड़ी। कार रायगढ़ शहर की ओर जा रही थी। आरक्षक ने स्टॉपर लगाकर वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक कार आगे बढ़ाने लगा। स्थिति भांपते हुए आरक्षक मिश्रा ने बाइक से पीछा कर अपनी बाइक कार के सामने लगाकर उसे रुकवाया।

कार सवार युवकों ने युवती की तबीयत खराब होने का बहाना बनाया, लेकिन संदेह होने पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चक्रधरनगर राकेश मिश्रा, थाना प्रभारी जूटमिल अभिनव कांत सिंह और पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची तथा वाहन को युवक-युवती सहित थाने लाया गया।पूछताछ में सामने आया कि मामला युवक-युवती के बीच पारिवारिक एवं आपसी विवाद का है। युवती ने किसी प्रकार की आपराधिक कार्रवाई से इनकार किया है। हालांकि झगड़ा-विवाद को देखते हुए जूटमिल पुलिस द्वारा युवक के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।

यातायात आरक्षक सुनील मिश्रा की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने उन्हें नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। होली के दौरान पुलिस की सक्रियता से संभावित बड़ी घटना टल गई।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!