
रायपुर: जिले के तिल्दा स्थित रायखेड़ा थर्मल पावर स्टेशन में काम के दौरान हुए हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के मधुबनी जिले के राजनगर निवासी 45 वर्षीय जिनिसलाल यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। मजदूर संघ ने हादसे के लिए लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।
रायपुर ग्रामीण सीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी के मुताबिक, प्लांट में काम करने के दौरान मजदूर ने जरूरी सुरक्षा हुक नहीं लगाया था। इसी वजह से हादसा हुआ और उसकी जान चली गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
रायखेड़ा प्लांट में पहले भी हो चुके हैं हादसे
रायखेड़ा थर्मल पावर प्लांट में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। यहां बीते वर्षों में कई हादसे हो चुके हैं।अगस्त 2026 में प्लांट परिसर में कर्मचारी केशव कुमार महिलांगे की मौत हो गई थी। शुरुआती जानकारी में उनके भारी वाहन की चपेट में आने की आशंका जताई गई थी। घटना के बाद मुआवजे और शव सुपुर्दगी की मांग को लेकर परिजनों ने प्लांट के गेट पर प्रदर्शन किया था। केशव कुमार महिलांगे की मौत से करीब तीन दिन पहले इसी प्लांट में हुए एक अन्य हादसे में पांच मजदूर घायल हो गए थे। निर्माणाधीन रायखेड़ा पावर प्लांट में काम करने के दौरान 25 वर्षीय मजदूर सुनील राम की करंट लगने से मौत हो गई थी। वह बिहार का रहने वाला था और ठेका कंपनी के माध्यम से प्लांट में काम कर रहा था।लगातार हो रहे हादसों के बीच एक बार फिर प्लांट में मजदूरों की सुरक्षा, कार्यस्थल पर जरूरी इंतजाम और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।











