

रायपुर। महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों के डिजिटल सत्यापन (E-KYC) को लेकर महिला एवं बाल विकास विभाग ने महत्वपूर्ण जानकारी दी है। प्रदेश में 97 प्रतिशत से अधिक महिलाओं का E-KYC पूरा हो चुका है। हालांकि बस्तर संभाग में सत्यापन की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी रहने के कारण वहां की पात्र महिलाओं को 20 जुलाई तक E-KYC कराने का अतिरिक्त अवसर दिया गया है।
बस्तर संभाग के लिए बढ़ाई गई समय सीमा
विभाग के अनुसार बस्तर संभाग के जिलों में बड़ी संख्या में हितग्राहियों का डिजिटल सत्यापन लंबित है। इसे देखते हुए केवल बस्तर क्षेत्र की महिलाओं के लिए E-KYC की अंतिम तिथि बढ़ाकर 20 जुलाई कर दी गई है, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित न रहे।
97 फीसदी से ज्यादा महिलाओं का सत्यापन पूरा
महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि महतारी वंदन योजना के 65.3 लाख सक्रिय हितग्राहियों में से 97 प्रतिशत से अधिक महिलाओं का डिजिटल सत्यापन सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। विभाग ने शेष हितग्राहियों से भी जल्द से जल्द E-KYC कराने की अपील की है।
E-KYC नहीं कराने पर रुक सकती है जुलाई की किस्त
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन महिलाओं ने निर्धारित समय तक E-KYC की प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उनकी जुलाई माह की किस्त रोकी जा सकती है। इसलिए जिन हितग्राहियों का सत्यापन अभी बाकी है, वे तत्काल E-KYC कराकर योजना का लाभ सुनिश्चित करें।











