

कोरबा: जिले के कटघोरा थाना अंतर्गत कटघोरा-कसनिया मुख्य मार्ग पर सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सेनानी पेट्रोल पंप के समीप बिलासपुर से कोरबा की ओर जा रही यादव ट्रेवल्स की यात्री बस और एक बोलेरो वाहन के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बोलेरो सवार कई लोग घायल हो गए, जबकि बस में बैठे कुछ यात्रियों को भी मामूली चोटें आईं। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना का सबसे बड़ा कारण सड़क के दोनों ओर बेतरतीब ढंग से खड़े भारी ट्रक रहे। ट्रकों के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा घिर जाने से मार्ग अत्यंत संकरा हो गया था। दोनों वाहनों को पर्याप्त साइड नहीं मिल सकी और देखते ही देखते आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर लंबे समय से ट्रकों की अव्यवस्थित पार्किंग बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय नागरिकों ने मानवता का परिचय देते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुँची और एम्बुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कटघोरा भेजा गया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
दुर्घटना के बाद कटघोरा-कसनिया मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे कई घंटों तक यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराने का प्रयास किया।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। यदि मुख्य मार्गों पर भारी वाहनों की अवैध एवं अव्यवस्थित पार्किंग पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जाती, तो शायद इस दुर्घटना को टाला जा सकता था। अब देखना होगा कि प्रशासन भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है।











