

कोरबा। भाजपा नेता शिव बालक सिंह तोमर पर जानलेवा हमले और हत्या के प्रयास के मामले में मुख्य आरोपी जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। कानूनी कार्रवाई के साथ ही नगर निगम प्रशासन ने उसके कथित अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला दिया।
जानकारी के अनुसार, सीतामढ़ी मुख्य मार्ग पर रेत घाट के सामने रज्जाक अली द्वारा दो मंजिला भवन का निर्माण कराया गया था। नगर निगम ने निर्माण से संबंधित दस्तावेजों की जांच की, जिसमें भवन को अवैध पाया गया। इसके बाद रविवार सुबह भारी पुलिस बल की मौजूदगी में निगम की टीम ने जेसीबी से अवैध हिस्से को हटाने की कार्रवाई शुरू की।कार्रवाई से पहले भवन में मौजूद सामान को सुरक्षित बाहर निकलवाया गया। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई देखते रहे।
इस दौरान क्षेत्र में यह चर्चा भी रही कि इतना बड़ा निर्माण होने के बावजूद नगर निगम को पहले इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई। हालांकि, इस संबंध में निगम प्रशासन की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, रज्जाक अली के खिलाफ भाजपा नेता पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस की कार्रवाई भी जारी है।




















