
कोरबा: पति की हत्या की साजिश रचने और सुपारी देकर वारदात को अंजाम दिलाने के मामले में न्यायालय ने पत्नी और सुपारी किलर को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इस मामले में मृतक की बेटी की गवाही आरोपियों को सजा दिलाने में अहम साबित हुई। कटघोरा के प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश मधु तिवारी ने पुलिस की विवेचना, अभियोजन के साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर दोनों आरोपियों को हत्या का दोषी ठहराया।
मामला दीपका थाना क्षेत्र के ऊर्जानगर का है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि जगजीवन राठे अपने घर के सामने वाले कमरे के दरवाजे के पास लहूलुहान हालत में पड़े हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा किया और अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
50 हजार रुपये में दी थी पति की हत्या की सुपारी
पुलिस जांच में सामने आया कि जगजीवन राठे की हत्या की साजिश उनकी पत्नी धनेश्वरी राठे ने रची थी। उसने दीपका के कृष्णा नगर निवासी तुषार सोनी को पति की हत्या के लिए 50 हजार रुपये एडवांस देकर सुपारी दी थी। साजिश के तहत तुषार ने टंगिया से वार कर जगजीवन की हत्या कर दी।वारदात को अंजाम देने के बाद धनेश्वरी ने आरोपी तुषार को 6 हजार रुपये नकद और एक सोने का हार भी दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में चालान न्यायालय में पेश किया था।
बेटी की गवाही बनी सबसे मजबूत कड़ी
मामले की सुनवाई के दौरान मृतक की पुत्री महत्वपूर्ण गवाह के रूप में सामने आई। वह घटना की प्रत्यक्षदर्शी थी। पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया था। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, न्यायालय में प्रतिपरीक्षण के दौरान भी बेटी अपने बयान पर कायम रही। उसने स्पष्ट रूप से बताया कि उसकी मां ने ही पिता की हत्या कराई थी।बेटी की गवाही के साथ ही अन्य गवाहों के बयान, वैज्ञानिक साक्ष्य और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों ने भी अभियोजन के पक्ष को मजबूती दी। इन सभी तथ्यों के आधार पर न्यायालय ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का अपराध प्रमाणित पाया।
दोनों आरोपियों को आजीवन कारावास
प्रकरण में अभियोजन की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजक संजय जायसवाल ने पैरवी की। सुनवाई पूरी होने के बाद प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश मधु तिवारी ने धनेश्वरी राठे और तुषार सोनी को हत्या का दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। इस मामले में बेटी की साहसिक गवाही आरोपियों को कानून के कटघरे तक पहुंचाने और सजा दिलाने में निर्णायक साबित हुई।











