
रायपुर: केंद्रीय जेल रायपुर में बंदियों तक प्रतिबंधित सामग्री पहुंचाने की कोशिशों को देखते हुए जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अब जेल में बंदियों से मुलाकात करने आने वाले परिजनों और परिचितों से लेकर पेशी से लौटने वाले बंदियों, जेल में प्रवेश करने वाले वाहनों और ड्यूटी पर आने-जाने वाले कर्मचारियों तक की सघन तलाशी ली जाएगी। जेल प्रशासन को आशंका है कि कुछ लोग कपड़ों में छिपाकर मादक पदार्थ जेल के भीतर पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके अलावा बंदियों तक मोबाइल फोन पहुंचाने के प्रयास भी सामने आए हैं।
इस संबंध में जेल अधीक्षक ने 5 नवंबर को आदेश जारी कर सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा जांच में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, तलाशी की व्यवस्था पहले से लागू है, लेकिन अब इसका सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
मुलाकातियों और उनके सामान की होगी जांच
जारी आदेश के अनुसार, बंदियों से मिलने आने वाले परिजनों और परिचितों की जेल परिसर में प्रवेश से पहले सघन तलाशी ली जाएगी। मुलाकात के दौरान बंदियों को दिए जाने वाले सामान की भी मुलाकात कक्ष में बारीकी से जांच की जाएगी, ताकि किसी भी तरह की प्रतिबंधित सामग्री जेल के भीतर न पहुंच सके।अदालत में पेशी के लिए जेल से बाहर जाने और वापस लौटने वाले बंदियों की भी सघन तलाशी लेने के निर्देश दिए गए हैं। इसके जरिए बाहर से मोबाइल फोन, मादक पदार्थ या अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं जेल के अंदर पहुंचने की आशंका को रोकने की कोशिश की जाएगी।
जेल में प्रवेश से पहले दो स्तर पर वाहनों की जांच
जेल परिसर में आने वाले सभी वाहनों की दो स्तर पर जांच होगी। सबसे पहले गार्ड इंचार्ज वाहन की जांच करेंगे। इसके बाद मुख्य प्रवेश द्वार पर तैनात गेट कीपर, मुख्य प्रहरी और प्रहरी वाहन के साथ चालक की भी बारीकी से तलाशी लेंगे। जांच पूरी होने और सुरक्षा संबंधी संतुष्टि के बाद ही वाहन को जेल के भीतर प्रवेश दिया जाएगा।
बैरकों और कर्मचारियों की भी होगी नियमित जांच
आदेश में जेल की बैरकों और बंदियों के सामान की नियमित रूप से सघन तलाशी लेने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही जेल के अंदरूनी हिस्सों का भी समय-समय पर निरीक्षण किया जाएगा। ड्यूटी पर आने और ड्यूटी समाप्त कर बाहर जाने वाले कर्मचारियों की तलाशी भी सुरक्षा प्रक्रिया का हिस्सा होगी।
प्रतिबंधित सामग्री मिलने पर तत्काल सूचना
जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तलाशी के दौरान कोई भी प्रतिबंधित सामग्री मिलने या जब्त होने पर इसकी जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी जाए। आदेश के पालन की जिम्मेदारी उप जेल अधीक्षक को सौंपी गई है। प्रशासन का उद्देश्य जेल की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और बंदियों तक प्रतिबंधित सामान पहुंचाने की कोशिशों पर प्रभावी रोक लगाना है।











