कोरिया: कोरिया जिले के बहुचर्चित नौगई तिहरे हत्याकांड की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) करेगी। राज्य सरकार ने मामले की सीबीआई जांच को मंजूरी देते हुए 30 जून को अधिसूचना जारी कर दी है। लंबे समय से पीड़ित परिवार और करणी सेना इस मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे थे।

गौरतलब है कि 16 जून की रात सोनहत थाना क्षेत्र के ग्राम नौगई में रेत खनन और परिवहन के वर्चस्व को लेकर हुए खूनी संघर्ष में भाजपा नेता समेत तीन लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई थी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। आरोप है कि विवाद के दौरान भरत कुमार सिंह उर्फ लल्ला सिंह की फॉर्च्यूनर कार में पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई और धारदार हथियारों से हमला किया गया। इस घटना में भरत सिंह की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि घायल नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।पुलिस जांच में सामने आया कि घटना से एक दिन पहले 15 जून को भी दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। मामले में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे कोरिया जिले सहित प्रदेश में आक्रोश फैल गया था। पीड़ित परिवार ने आरोपियों को कड़ी सजा और निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए सीबीआई जांच की मांग उठाई थी। 29 जून को करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत भी पीड़ित परिवार से मिले और राज्य सरकार से मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की थी।

राज्य गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना अधिनियम, 1946 की धारा 6 के तहत सोनहत थाना में दर्ज अपराध की जांच के लिए सीबीआई को पूरे छत्तीसगढ़ राज्य में जांच का अधिकार प्रदान किया गया है। अब इस बहुचर्चित तिहरे हत्याकांड की जांच सीबीआई करेगी, जिससे मामले में निष्पक्ष और व्यापक जांच की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!