बलरामपुर/राजपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 मवेशियों को क्रूरतापूर्वक परिवहन करते हुए पकड़ा है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके चार साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन और एक  ब्रेज़्ज़ा कार भी जब्त की है।

जानकारी के अनुसार 11 जून की रात गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक UP-65 QT-1375 में मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर बांधकर गोपालपुर कब्रिस्तान के पास से ले जाया जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम अशोक गिरी पिता सुरेश गिरी (50 वर्ष) निवासी डेरी कला, थाना बबुरी, जिला चंदौली (उत्तर प्रदेश) बताया। प्रारंभिक पूछताछ में वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह ग्राम फुली डुमर निवासी सलमान के कहने पर वाहन लेकर गोपालपुर पहुंचा था। वहां पहले से मौजूद कार क्रमांक UP-64 AR-3563 में सवार कुछ लोगों की मदद से मवेशियों को पिकअप में लादकर परिवहन किया जा रहा था।


पुलिस के मौके पर पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी के चार साथी फरार हो गए। तलाशी के दौरान पिकअप वाहन में छह मवेशी रस्सियों से बांधकर अमानवीय तरीके से भरे हुए मिले वही घटना स्थल में 6 मवेशी रस्सी के सहारे बंधे हुए मिले। पुलिस द्वारा मवेशियों को थाना लेकर आया गया।पुलिस ने सभी मवेशियों को मुक्त कर सुरक्षित कब्जे में लिया तथा पिकअप और कार को जब्त किया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छ. ग. कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4,6,10 एवं पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 डी व बीएनसम की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है वहीं फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!