

बलरामपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लाऊ के चिल्रखोरवा जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का कंकाल पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 5:30 बजे तेंदूपत्ता संग्रहण के लिए जंगल गए ग्रामीणों की नजर पेड़ से लटके कंकाल पर पड़ी। भयभीत ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना राजपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया।
घटनास्थल से पुलिस को एक गुलेल, पानी की बोतल तथा एक डंडा बरामद हुआ है। प्रारंभिक अंदेशा जताया जा रहा है कि मृतक आसपास के किसी गांव का हो सकता है। कंकाल की स्थिति को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत करीब 15 दिन पहले हुई होगी।
पुलिस द्वारा आसपास के गांवों में मृतक की पहचान के लिए ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। वहीं थाना स्तर पर अब तक किसी व्यक्ति की गुमशुदगी दर्ज नहीं होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा कंकाल को पोस्टमार्टम एवं अन्य जांच प्रक्रिया के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।





















