भोपाल: मध्यप्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक रणनीति को लेकर राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री आवास पर भाजपा कोर कमेटी की अहम बैठक आयोजित की गई। इस हाईलेवल मीटिंग में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत संगठन और सरकार के कई बड़े नेता शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान बैठक में वर्चुअल माध्यम से जुड़े।बैठक में मंत्रियों के जिलों में प्रवास, संगठनात्मक कार्यक्रमों में भागीदारी और संगठन के साथ बेहतर समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। सरकार और संगठन के बीच तालमेल मजबूत करने पर खास फोकस दिखाई दिया।

स्कूल, अस्पताल और आंगनबाड़ी योजनाओं की हुई समीक्षा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रियों से जिलों में चल रही सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी ली। खासतौर पर स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों और आंगनबाड़ी सेवाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।सरकार की योजनाओं का आम जनता पर कितना असर पड़ रहा है, इसे लेकर मंत्रियों से फीडबैक भी लिया गया। गेहूं खरीदी सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और उनकी मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई।

जनता से किए वादों पर सरकार का फोकस

बैठक में चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों पर सरकार की प्रगति का भी आकलन किया गया। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों से उनके विभागों की उपलब्धियों और अब तक किए गए कार्यों की रिपोर्ट मांगी।सरकार की प्राथमिक योजनाओं को तेजी से जमीन पर उतारने और जनता तक उनका लाभ पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए।

मोदी की सोच के मुताबिक वर्चुअल सिस्टम पर जोर

बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपेक्षाओं के अनुरूप पेट्रोल-डीजल की बचत और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। इसके तहत वर्क फ्रॉम होम और वर्चुअल बैठकों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए हैं।सरकार अब प्रशासनिक बैठकों और कार्यप्रणाली में डिजिटल सिस्टम को ज्यादा मजबूत करने की दिशा में काम करती नजर आ रही है।

सोमवार को बाकी मंत्रियों के साथ होगी अलग बैठक

सूत्रों के मुताबिक जिन मंत्रियों से रविवार को चर्चा नहीं हो सकी, उनके साथ सोमवार को अलग से बैठक की जाएगी। सरकार स्तर पर मंत्रियों के कामकाज और प्रदर्शन की समीक्षा लगातार जारी है।इसके अलावा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को नवनियुक्त निगम-मंडल अध्यक्षों को प्रशिक्षण के लिए भी बुलाया है। सरकार और संगठन दोनों स्तर पर कार्यशैली को बेहतर बनाने पर लगातार जोर दिया जा रहा है।

बैठक में शामिल हुए ये बड़े नेता

इस महत्वपूर्ण बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह और संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने करीब 20 मंत्रियों के साथ विस्तार से चर्चा की।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!