अंबिकापुर: सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में दोपहिया वाहन चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र निवासी दिनदयाल मानीकपुरी ने 3 अप्रैल को अपनी हीरो होंडा सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह नमनाकला क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान के पास वाहन खड़ी कर सो रहे थे, इसी दौरान अज्ञात चोर बाइक लेकर फरार हो गया।मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी बीच नमनाकला निवासी प्रिंस टोप्पो चोरी की बाइक लेकर एक गैरेज पहुंचा, जहां पहले से मौजूद वाहन मालिक ने अपनी बाइक पहचान ली। आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए बाइक की नंबर प्लेट बदल दी थी और पीछे का नंबर मिटा दिया था।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य सक्रिय रूप से शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!