सूरजपुर: सूरजपुर जिले के रामानुजनगर जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 16 में आयोजित उपचुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी जानकी सिंह ने भाजपा प्रत्याशी सुहानी सिंह को भारी मतों के अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की है। मतगणना से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जानकी सिंह को कुल 1810 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी सुहानी सिंह 931 मतों पर सिमट गईं। इस तरह कांग्रेस प्रत्याशी ने लगभग 879 मतों की बढ़त के साथ शानदार विजय हासिल की।

जानकारी के अनुसार क्षेत्र क्रमांक 16 में शामिल परशुरामपुर, अक्षयपुर और सेंदुरी पंचायतों में दोनों प्रमुख दलों के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही थी, लेकिन मतगणना के बाद कांग्रेस प्रत्याशी को स्पष्ट बढ़त मिलती दिखाई दी। जानकी सिंह को परशुरामपुर क्षेत्र के तीन मतदान केंद्रों से 1131, अक्षयपुर से 335 तथा सेंदुरी से 344 मत प्राप्त हुए।वहीं भाजपा प्रत्याशी सुहानी सिंह को परशुरामपुर से 363, अक्षयपुर से 125 और सेंदुरी से 443 मत मिले। दिलचस्प बात यह रही कि भाजपा प्रत्याशी अपने गृह पंचायत सेंदुरी में ही सीमित बढ़त बना सकीं, जबकि अन्य क्षेत्रों में उन्हें बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा।

हालांकि अंतिम आधिकारिक घोषणा की प्रतीक्षा है, लेकिन पोलिंग एजेंटों के मतगणना आंकड़ों के आधार पर कांग्रेस प्रत्याशी की जीत लगभग तय मानी जा रही है। चुनाव में कुल 135 मत निरस्त बताए गए हैं।जीत की खबर मिलते ही जानकी सिंह अपने समर्थकों के साथ परशुरामपुर हाई स्कूल पहुंचीं, जहां उन्होंने मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। इसके बाद ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और जुलूस के साथ उनका स्वागत किया गया। तीनों पंचायतों के बड़ी संख्या में महिला-पुरुष समर्थक इस विजय उत्सव में शामिल हुए।

विजयी प्रत्याशी जानकी सिंह ने कहा, "यह मेरी नहीं, जनता की जीत है। क्षेत्र की जनता ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगी। मैं सभी के सुख-दुख में सदैव साथ रहूंगी।"

विजय जुलूस में सरपंच प्रतिनिधि लालकेश्वर सिंह, परमेश्वर सिंह, आशिक खान, असलम खान, जहीर खान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। उपचुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में राजस्व, शिक्षा और पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!