


बलरामपुर। बलरामपुर जिले के चौकी डिंडो,थाना त्रिकुंडा पुलिस ने पशु तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 मवेशियों को क्रूरता पूर्वक ले जा रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।
जानकारी के अनुसार, 10 फरवरी की सुबह लगभग 4:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि डिंडो होते हुए झारखंड की तरफ कुछ लोग गाय, बैल एवं बछड़ों को हांकते हुए ले जा रहे हैं तथा रास्ते में उनके साथ मारपीट कर क्रूरता बरत रहे हैं। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी डिंडो ने तत्काल पुलिस स्टाफ को मौके पर रवाना किया।पुलिस टीम ने डिंडो तिराहा के पास चार व्यक्तियों को 15 मवेशियों के साथ पकड़ा, जो जानवरों को पीटते हुए आगे ले जा रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम घीरसाय पिता भगवत (55 वर्ष) एवं राजरूप पिता दिलबर, दोनों निवासी ग्राम कोटराही, थाना त्रिकुंडा तथा राम प्रसाद पिता शिबू एवं निरपत पिता लालू, दोनों निवासी ग्राम बरवाही चितमहुराव, जिला बलरामपुर बताए।
पुलिस द्वारा मवेशियों के क्रय-विक्रय से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन आरोपी कोई वैध कागजात नहीं दिखा सके। वहीं, ग्रामीणों से तसदीक करने पर यह भी सामने आया कि आरोपी गांव-गांव से मवेशी एकत्र कर झारखंड के बाजारों में बेचते हैं तथा वहां से मवेशियों को बूचड़खाने ले जाया जाता है।
प्रथम दृष्टया मामला पशु परीक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के अंतर्गत अपराध पाया गया। इसके आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।।
संपूर्ण कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक नवल किशोर दुबे, प्रधान आरक्षक संतोष कुमार सिंह, आरक्षक शिवभजन पोर्ट, शिवनारायण सिंह, नंदलाल गोस्वामी एवं रामपुकार तेजू राम की सराहनीय भूमिका रही।
































