24 जुलाई तक आवेदन का मौका, 6 सितंबर को संभावित परीक्षा, युवाओं के लिए सुनहरा अवसर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत और अवसर की बड़ी खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर और विधि एवं विधायी कार्य विभाग, नवा रायपुर के अंतर्गत सहायक ग्रेड-3 और प्रोसेस राइटर पदों पर संयुक्त भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

कुल 64 पदों पर भर्ती, अलग-अलग विभागों में नियुक्तियां

जारी जानकारी के अनुसार इस भर्ती अभियान में कुल 64 पद शामिल हैं। इनमें 54 पद सहायक ग्रेड-3 (प्रोसेस राइटर) के हैं, जबकि 10 पद विधि एवं विधायी कार्य विभाग के अंतर्गत सहायक ग्रेड-3 के लिए निर्धारित किए गए हैं।इन पदों पर भर्ती संयुक्त परीक्षा के माध्यम से की जाएगी।

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू, 24 जुलाई अंतिम तारीख

उम्मीदवार छत्तीसगढ़ व्यापमं की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 24 जुलाई की शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित समय के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।आवेदन में सुधार के लिए 25 से 27 जुलाई तक का समय भी दिया गया है।

6 सितंबर को संभावित परीक्षा, रायपुर और बिलासपुर में केंद्र

इस भर्ती परीक्षा का आयोजन 6 सितंबर को संभावित रूप से किया जाएगा। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक तय किया गया है।परीक्षा केंद्र रायपुर और बिलासपुर जिले में बनाए जाएंगे।

शैक्षणिक योग्यता और जरूरी कौशल

इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास होना अनिवार्य है। इसके साथ ही अभ्यर्थी के पास डाटा एंट्री ऑपरेटर या प्रोग्रामिंग में एक वर्षीय डिप्लोमा या प्रमाण पत्र होना चाहिए।इसके अलावा हिंदी या अंग्रेजी में टाइपिंग तथा शीघ्रलेखन कौशल भी जरूरी है, जिसकी गति निर्धारित मानकों के अनुसार होनी चाहिए। चयन प्रक्रिया में कौशल परीक्षा भी शामिल होगी।

हेल्पलाइन नंबर भी जारी, तकनीकी समस्या पर सहायता

आवेदन प्रक्रिया के दौरान किसी भी तकनीकी समस्या के लिए उम्मीदवार 07712972780 या 8269801982 पर संपर्क कर सकते हैं।

युवाओं के लिए सरकारी सेवा में प्रवेश का सुनहरा अवसर

यह भर्ती उन युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है जो न्यायिक और प्रशासनिक क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं। इससे राज्य के न्यायिक तंत्र में दक्ष और प्रशिक्षित कर्मचारियों की नई तैनाती होगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!