
बीजापुर: बीजापुर जिले में माओवादी विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। बेदरे थाना क्षेत्र के ग्राम लंका पहाड़ी के जंगल में तलाशी और बारूदी सुरंग निष्क्रिय करने की कार्रवाई के दौरान जवानों ने जमीन में छिपाकर रखे गए माओवादी डंप का पता लगाया। मौके से बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और अन्य सामग्री बरामद की गई है।बरामद सामग्री में 01 SLR/LMG रायफल, 01 INSAS रायफल, 01 .315 बोर बंदूक, 02 BGL प्रक्षेपक, 17 BGL सेल, 01 चाइना हैंड ग्रेनेड, 49 SLR राउंड, 15 .315 बोर राउंड, 15 BGL कारतूस, 04 SLR मैगजीन और 01 .315 बोर मैगजीन समेत अन्य सामग्री एवं उपकरण शामिल हैं। सुरक्षाबलों ने सभी हथियार और सामान को विधिवत जब्त कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई और माओवादी नेटवर्क से जुड़े लोगों की पतासाजी की जा रही है।
जिले के अलग-अलग जंगलों में भी मिला हथियारों का जखीरा
माओवादी विरोधी अभियान के तहत बीजापुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में भी सुरक्षाबलों को हथियार और विस्फोटक सामग्री मिली है। भैरमगढ़ क्षेत्र के आदवाड़ा जंगल से AK-47, .315 बोर हथियार, एकल गोली वाली बंदूक और पिस्तौल के साथ जिंदा कारतूस व मैगजीन बरामद किए गए।वहीं फरसेगढ़ क्षेत्र के बड़ेआलवाड़ा जंगल से .315 बोर रायफल, 49 जिंदा राउंड, .303 के 25 जिंदा राउंड, 12 बोर के 49 जिंदा राउंड, करीब 8 किलोग्राम जिलेटिन, वॉकी-टॉकी सहित अन्य सामग्री बरामद हुई। एसडीओपी सिद्धार्थ सिंह ने बरामदगी की जानकारी दी।
इसी तरह मिरतुर क्षेत्र के इंडरीपाल जंगल से गैर-विद्युत तार के 7 बंडल, डेटोनेटर और ग्रेनेड बरामद किए गए। भोपालपटनम क्षेत्र के नीलमड़गु जंगल से 12 बोर देशी कट्टा, BGL प्रक्षेपक, 8 BGL सेल और 12 बोर के 10 जिंदा राउंड सहित अन्य सामग्री बरामद की गई।सुरक्षाबलों की लगातार सर्चिंग के बीच जंगलों में छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक सामग्री की बरामदगी को माओवादी नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।




















