

मुंगेली। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार अभियान चला रहा है। इसी क्रम में प्राप्त शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विभाग की टीम ने ग्राम परसिया चौकी साकेत में छापेमारी कर एक व्यक्ति को अवैध महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
घर की तलाशी में मिली अवैध महुआ शराब
कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशन और जिला आबकारी अधिकारी रवि शंकर साय के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई के दौरान आबकारी अधिकारियों ने सरजू निषाद के मकान की विधिवत तलाशी ली। जांच के दौरान उसके कब्जे से 9 बल्क लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसे जब्त कर लिया गया।
गैरजमानती धाराओं में दर्ज हुआ मामला
आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) और 59(क) के तहत गैरजमानती प्रकरण दर्ज किया। कार्रवाई पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
सहायक आबकारी अधिकारी रविन्द्र पाण्डेय ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई कर कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
इन अधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका
इस कार्रवाई में आबकारी वृत्त पथरिया प्रभारी विशेन चन्द्रवंशी, मुख्य आरक्षक लक्ष्मी खांडे, आबकारी आरक्षक रविंद्र क्षत्रिय और सैनिक बिंदिया राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











