रायपुर : नगर निगम में आयुक्त संबित मिश्रा ने साप्ताहिक टीएल समय सीमा बैठक के दौरान राजस्व व्यवस्था की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने साफ निर्देश दिए कि सभी जोन कमिश्नर बड़े बकायादारों को नोटिस जारी करें और बकाया राशि की वसूली में किसी भी तरह की ढिलाई न हो। उन्होंने नियमों के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

हर दिन एक करोड़ वसूली का लक्ष्य प्रशासन सक्रिय मोड में
आयुक्त ने नगर निगम के सभी 10 जोनों को मिलाकर प्रतिदिन एक करोड़ रुपए राजस्व वसूली का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने सभी राजस्व टीमों को फील्ड स्तर पर लगातार सक्रिय रहकर वसूली अभियान तेज करने के निर्देश दिए। बैठक में स्पष्ट संदेश दिया गया कि निगम हित सर्वोपरि है और लक्ष्य समय पर पूरा होना चाहिए।

सम्पति कर पर छूट से राजस्व बढ़ाने की रणनीति
आयुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि 30 जून 2026 तक वर्ष 2026-27 के सम्पति कर का भुगतान करने वाले करदाताओं को 6.25 प्रतिशत छूट का लाभ दिया जाए। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को समय पर कर भुगतान के लिए प्रेरित करना और राजस्व संग्रह को मजबूत करना है।

बारिश से पहले जल संरक्षण की बड़ी तैयारी
मानसून से पहले शहर में जल संरक्षण व्यवस्था को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया। आयुक्त ने सभी जोन कमिश्नरों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक स्थानों पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए जाएं। साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां प्राथमिकता के आधार पर व्यवस्था विकसित करने को कहा गया ताकि भूजल स्तर में सुधार हो सके।

अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई का आदेश
नगर निगम क्षेत्र में अवैध निर्माण के सभी मामलों पर भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। आयुक्त ने कहा कि ऐसे प्रकरणों में नियमानुसार तुरंत कार्रवाई की जाए और किसी भी तरह की अनदेखी न हो।

बैठक में मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी
इस समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, पंकज के शर्मा, विनोद पाण्डेय, कृष्णा खटीक, मुख्य अभियंता संजय बागड़े सहित सभी जोन कमिश्नर, उपायुक्त, कार्यपालन अभियंता और सहायक अभियंता मौजूद रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!