उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार में अंतिम संस्कार किया जाएगा। कई राज्यों के विशिष्ट अतिथियों के आगमन को देखते हुए अंतिम यात्रा से पहले सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। पंचूर स्थित पैतृक आवास से उनकी अंतिम यात्रा हरिद्वार के लिए रवाना होगी। मुख्यमंत्री योगी की माता सावित्री देवी अंतिम यात्रा निकलने से पहले सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर काफिले में शामिल होने वाली सभी गाड़ियों की सघन चेकिंग की जा रही है। वहीं, अंतिम यात्रा के लिए एंबुलेंस को पुष्पों से सजाया गया है। सुरक्षा एजेंसियां मौके पर मुस्तैद हैं।

उधर, हरिद्वार के चंडीघाट और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चंडीघाट पर पुलिस बल की तैनाती की गई है और चप्पे-चप्पे पर कड़ा पहरा है।

अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक, कैबिनेट के कई मंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित संगठन के वरिष्ठ नेता हरिद्वार पहुंच सकते हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत प्रदेश सरकार के कई मंत्री और विधायक भी अंतिम संस्कार में मौजूद रह सकते हैं।

सावित्री देवी ने शुक्रवार सुबह करीब 10.45 बजे 91 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से अस्वस्थ थीं। उनके छोटे बेटे महेंद्र सिंह बिष्ट के मुताबिक, सुबह उनकी मां को सांस लेने में परेशानी हो रही थी। वह पिछले करीब एक साल से बोल भी नहीं पा रही थीं। निधन के समय घर पर महेंद्र सिंह बिष्ट और उनके परिवार के सदस्य मौजूद थे।

मां के निधन की सूचना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उस समय मिली, जब वह गोरखपुर में युवाओं को टैबलेट वितरित करने के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उनके सलाहकार अवनीश अवस्थी ने उन्हें इस दुखद खबर की जानकारी दी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने अपना आगे का कार्यक्रम स्थगित किया और उत्तराखंड के लिए रवाना हो गए। उनका गोंडा जाने का प्रस्तावित कार्यक्रम भी निरस्त कर दिया गया। अपने घर पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां सावित्री देवी के दर्शन किए। इस दौरान वे भावुक भी नजर आए।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!