


डिजिटल डेस्क: दुनियाभर में इस्तेमाल होने वाले इंस्टैंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp और Signal के करोड़ों यूजर्स के लिए नई साइबर चेतावनी जारी की गई है। एक डच सिक्योरिटी और इंटेलिजेंस एजेंसी ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि इन ऐप्स का इस्तेमाल करने वाले कई यूजर्स के अकाउंट हैक किए जा सकते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, खासतौर पर सरकारी विभागों के अधिकारी, सेना से जुड़े लोग और कुछ पत्रकार हैकर्स के निशाने पर हैं। साइबर एक्सपर्ट्स का कहना है कि रूसी हैकर्स इन दिनों सोशल इंजीनियरिंग के जरिए यूजर्स को फंसाकर उनके अकाउंट तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
सिक्योरिटी एजेंसी के अनुसार, हैकर्स पहले यूजर्स से चैटिंग कर भरोसा जीतते हैं और खुद को सपोर्ट स्टाफ या किसी विश्वसनीय व्यक्ति के रूप में पेश करते हैं। इसके बाद वे यूजर्स से निजी जानकारी या वेरिफिकेशन कोड हासिल कर उनके अकाउंट पर नियंत्रण कर लेते हैं। कई मामलों में हैकर्स ऐप के लिंक्ड डिवाइस फीचर का इस्तेमाल कर किसी अन्य डिवाइस को यूजर के अकाउंट से जोड़ लेते हैं और चैट्स तक पहुंच बना लेते हैं।
हालांकि इन दोनों ऐप्स में एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन की सुविधा होती है, जिससे मैसेज केवल भेजने और पाने वाला व्यक्ति ही पढ़ सकता है। लेकिन यदि यूजर गलती से अपना OTP या वेरिफिकेशन कोड किसी के साथ साझा कर देता है, तो हैकर्स आसानी से अकाउंट पर कब्जा कर सकते हैं।
साइबर विशेषज्ञों ने यूजर्स को सावधान रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP या वेरिफिकेशन कोड साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और अकाउंट की सुरक्षा के लिए टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन जरूर चालू रखें। साथ ही अकाउंट में किसी भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पासवर्ड बदलने की सलाह दी गई है।
































