

अंबिकापुर: सरगुजा जिले की कोतवाली पुलिस ने एक पुराने और गंभीर ठगी मामले का खुलासा करते हुए गड़ा धन निकालने का लालच देकर लाखों की ठगी करने वाले आरोपी संजय मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खुद को बाबा बताकर पूजा-पाठ के जरिए छिपा धन निकालने का दावा करता था और भोले-भाले लोगों को निशाना बनाता था। मामला वर्ष 2019 का है, जिसमें अम्बिकापुर निवासी प्रार्थी जगदीश विश्वकर्मा ने थाना अम्बिकापुर में शिकायत दर्ज कराई थी।
प्रार्थी ने रिपोर्ट में बताया कि संजय मिश्रा और उसके साथियों ने पूजा-पाठ कर गड़ा हुआ धन निकालने का झांसा दिया और इस बहाने से 40 हजार रुपये नकद और 21 तोला सोने का बिस्किट ठग लिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। थाना अम्बिकापुर में अपराध क्रमांक 399/2019 धारा 420, 34 भादवि दर्ज किया गया था। पुलिस ने पीड़ित का कथन लिया, घटना स्थल का नक्शा बनाया और हर स्तर पर पतासाजी की, लेकिन आरोपी का पता नहीं चलने के कारण वर्ष 2021 में प्रकरण को खात्मा किया गया।
इसी दौरान पता चला कि यही आरोपी थाना शंकरगढ़ के अपराध क्रमांक 132/2020 धारा 420, 34 के मामले में भी फरार चल रहा था। जिला बलरामपुर-रामानुजगंज की पुलिस ने 14 अक्टूबर 2025 को उसे गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल भेजा। पूछताछ में उसकी संलिप्तता अम्बिकापुर के पुराने मामले में भी सामने आई। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति से प्रकरण की पुनः विवेचना शुरू की गई। न्यायालय ने आरोपी संजय मिश्रा (उम्र 38 वर्ष, निवासी इटावरी, थाना जावा, जिला रीवा) के लिए प्रोडक्शन वारंट जारी किया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर 29 नवंबर 2025 तक पुलिस रिमांड प्राप्त किया। रिमांड अवधि में पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की,ठगी से 12,000 रुपये मिलने की बात बताई,और बताया कि वह राशि उसने खर्च कर दी है।प्रार्थी द्वारा कराई गई पहचान परेड में भी आरोपी की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को अम्बिकापुर के मामले में पुनः आधिकारिक तौर पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।






















