

बलरामपुर: कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक के मार्गदर्शन में शासकीय महाविद्यालय बलरामपुर में भारत स्काउट्स एंड गाइड जिला शाखा बलरामपुर एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वाधान में तारुण्य वार्ता माहवारी स्वच्छता और प्रबंधन विषय पर एनसीसी एवं महाविद्यालय में जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें किशोरियों एवं युवाओं के माहवारी से जुड़े मिथकों, भ्रांतियों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के बीच माहवारी पर खुलकर चर्चा विषय पर संवाद एवं परिचर्चा आयोजित की गई। इस दौरान विशेषज्ञों द्वारा माहवारी क्या है, माहवारी के दौरान किन बातों का ध्यान रखना चाहिए, क्या करें और क्या न करें, जैसे विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही छात्र-छात्राओं की शंकाओं एवं जिज्ञासाओं का सहज एवं सरल तरीके से समाधान किया गया।
गोष्ठी में जागरूक बेटी, स्वस्थ बेटी, सशक्त समाज, समृद्ध भारत का संदेश देते हुए माहवारी शिक्षा, पीरियड्स-फ्रेंडली सामाजिक वातावरण, मासिक धर्म स्वास्थ्य सेवाएं, पीरियड्स उत्पादों तक पहुंच एवं पीरियड्स-फ्रेंडली शौचालय जैसे पांच महत्वपूर्ण सकारात्मक बदलावों पर विशेष चर्चा की गई। इस दौरान बताया गया कि माहवारी पर खुलकर चर्चा करना केवल अधिकार ही नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है।
कार्यक्रम में किशोरी स्वास्थ्य के महत्वपूर्ण पहलुओं जैसे पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं सम्मानपूर्ण व्यवहार पर भी विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही लड़के एवं लड़कियों दोनों की समान जिम्मेदारी, समाज में सहयोग, सम्मान एवं सकारात्मक सोच विकसित करने की अपील की गई।
इस अवसर पर एनसीसी एवं भारत स्काउट्स जिला शाखा बलरामपुर के जिला संगठन आयुक्त प्रभारी जयपाल विश्वकर्मा, जिला संयुक्त सचिव शिला सुमन, शासकीय पीजी महाविद्यालय बलरामपुर के प्राचार्य नंदकिशोर सिंह, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं स्वास्थ्य विभाग से डॉ. अनुज कुमार टोप्पो, सहित संबंधित उपस्थित थे।




















