

सूरजपुर: जिले में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए डीएमएफ मद से संचालित "अरुणोदय करियर इंस्टीट्यूट" से छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित उप निरीक्षक के प्रारंभिक परीक्षा में 19 छात्रों ने मुख्य परीक्षा के लिए क्वालीफाई किया है। कलेक्टर रेना जमील के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में अरुणोदय करियर इंस्टीट्यूट लगातार बेहतर कार्य कर रहा है। जिला प्रशासन द्वारा स्थापित यह इंस्टीट्यूट जिले के सुदूर ग्रामीण अंचलों से आने वाले प्रतिभाओं को नया आयाम देने में सार्थक सिद्ध हो रहा है। हाल ही में आयोग द्वारा जारी उप निरीक्षक के प्रारंभिक परिणाम में 'अरुणोदय कैरियर इंस्टीट्यूट' सूरजपुर ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्टता साबित की है।
कलेक्टर श्रीमती जमील ने मुख्य परीक्षा के लिए चयनित सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई दी। आपकी मेहनत और लगन ने यह मुकाम दिलाया है। आपकी उपलब्धि अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनें। धैर्य, निरंतरता एवं ईमानदारी से परिश्रम करने की सलाह भी दी। कलेक्टर रेना जमील के निर्देश, जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) फंड के वित्तीय सहयोग एवं आदिवासी विकास विभाग के नेतृत्व में यह संस्था संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य जिले के सुदूर एवं प्रतिभावान युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ़्त व गुणवत्तापूर्ण कोचिंग उपलब्ध कराना है।
ग्रामीण, आदिवासी एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के युवाओं को बिना किसी वित्तीय बोझ के उच्चस्तरीय मार्गदर्शन देने वाला यह संस्थान लगातार बेहतर परिणाम दे रहा है। अरुणोदय करियर इंस्टीट्यूट से अब तक 100 से अधिक अभ्यर्थी शासकीय सेवाओं में चयन प्राप्त कर चुके हैं, जबकि विभिन्न अर्हताकारी (Qualifying) परीक्षाओं में 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने सफलता का परचम लहराया है।ताज़ा नतीजों ने यह साबित कर दिया है कि यदि सही मार्गदर्शन, प्रशासनिक सहयोग और अनुशासित अध्ययन का संगम हो, तो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़ी से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।संस्था के शिक्षकों ने जानकारी दी कि प्रारंभिक परीक्षा में सफल सभी 19 अभ्यर्थियों के लिए मुख्य परीक्षा (Mains) की विशेष गहन तैयारी एवं टेस्ट सीरीज तत्काल प्रभाव से प्रारंभ की जा रही है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर सहायक आयुक्त (आदिवासी विकास विभाग) घनश्याम सिंह, संस्था के प्राचार्य सोमनाथ साहू एवं शिक्षक रोहित तिवारी ने सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया है कि मुख्य परीक्षा और अंतिम चयन प्रक्रिया में भी जिले के ये होनहार छात्र उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सूरजपुर का नाम पूरे प्रदेश में रोशन करेंगे।











