रायपुर: प्रदेश में गर्मी का असर लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने बताया है कि अगले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। इसके बाद अगले दो दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। खासतौर पर मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो इलाकों में 24 अप्रैल से 27 अप्रैल के बीच ग्रीष्म लहर (हीट वेव) चलने की संभावना है।प्रदेश के मौसम की बात करें तो कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक तापमान 44.0 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ। वहीं लोहंडीगुड़ा, तोकापाल, तोंगपाल और जगदलपुर में हल्की वर्षा हुई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में प्रदेश के ऊपर द्रोणिका (ट्रफ) का प्रभाव बना हुआ है, जो पूर्वी विदर्भ से लेकर तमिलनाडु और बांग्लादेश से ओडिशा तक फैली हुई है। इसके चलते मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।अगले 24 घंटों के लिए मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन कुछ स्थानों पर हीट वेव की स्थिति बन सकती है। वहीं अगले दो दिनों तक भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और एक-दो स्थानों पर लू चलने की संभावना बनी हुई है।

राजधानी रायपुर की बात करें तो यहां 24 अप्रैल को हीट वेव चलने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!