
बलरामपुर/राजपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश का असर बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर क्षेत्र में भी देखने को मिल रहा है, जहां नदी-नाले उफान पर हैं और खेतों में पानी लबालब भर गया है।
राजपुर क्षेत्र में पिछले 24 घंटों से हो रही लगातार बारिश के कारण गागर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी पर बने पुल के आसपास तेज बहाव देखा जा रहा है। वहीं गेउर नदी भी उफान पर है, जिससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल व उत्तरी ओडिशा तट के पास बने अवदाब के प्रभाव से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां तेज हुई हैं। इसके प्रभाव से बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली, रायगढ़ सहित उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
विभाग ने बारिश के साथ गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई है। ऐसे में लोगों को नदी-नालों, पुल-पुलियों तथा खुले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान सरगुजा संभाग के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। अंबिकापुर में 64.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव तथा ग्रामीण सड़कों पर आवागमन प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।




















