

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शादी का वादा कर लिव-इन रिलेशनशिप में रखने और बाद में विवाह से इंकार करने का मामला सामने आया है। युवती की शिकायत पर सरकंडा थाना पुलिस ने सिंधी कॉलोनी निवासी एक किराना व्यवसायी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।
पहचान से शुरू हुआ रिश्ता, साथ रहने तक पहुंची बात
पुलिस के अनुसार, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की रहने वाली युवती की जनवरी 2026 में सिंधी कॉलोनी निवासी किराना व्यवसायी से पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। युवती का आरोप है कि कारोबारी ने शादी का भरोसा दिलाया और उसे अपने घर ले जाकर करीब दो महीने तक साथ रखा।
शादी का भरोसा, फिर बदला रुख
शिकायत में युवती ने बताया कि साथ रहने के दौरान दोनों ने सरकंडा स्थित एक होटल में भी शारीरिक संबंध बनाए। करीब दो महीने बाद आरोपी ने उसे उसके घर भेज दिया। इसके बाद जब भी युवती ने शादी की बात की, आरोपी टालमटोल करता रहा। अंत में उसने शादी करने से साफ इंकार कर दिया और संपर्क भी कम कर दिया।
शिकायत के बाद दर्ज हुई एफआईआर
आरोपी के रवैये से परेशान होकर युवती सरकंडा थाने पहुंची और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।
एफआईआर के बाद आरोपी हुआ फरार
पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले आरोपी ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया था, जिसके बाद उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद युवती ने उससे मिलने की कोशिश की, लेकिन उसने बातचीत नहीं की। इसी बीच एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।











