

अंबिकापुर: सरगुजा जिले में फरार चल रहे स्थायी वारंटियों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती तेज कर दी है। इसी क्रम में थाना लखनपुर पुलिस ने आबकारी एक्ट के एक मामले में वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर जिलेभर में लंबित स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामिली के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना लखनपुर पुलिस टीम ने केस नंबर 6178/24 धारा 34(2) आबकारी एक्ट में फरार आरोपी सत्यनारायण उर्फ संतु (25 वर्ष), निवासी उमरौली को गिरफ्तार किया।बताया गया कि आरोपी लंबे समय से न्यायालय में पेश नहीं हो रहा था, जिसके चलते उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया गया था। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास कर उसे पकड़ने में सफलता हासिल की और उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी शराब तस्करी के मामलों में जिला सूरजपुर एवं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में चालान हो चुका है, जिससे उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि सामने आई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उदयपुर उप निरीक्षक सम्पत पोटाई के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक पीताम्बर सिंह, प्रवीणचंद तिवारी, देवनारायण कंवर सहित आरक्षक जगेश्वर बघेल, श्याम सुंदर, दशरथ राजवाड़े एवं सैनिक विजय की सक्रिय भूमिका रही।

































