रायगढ़: जॉब दिलाने के बहाने महिला और नाबालिग को झांसे में लेकर छेड़खानी करने वाले आरोपी को घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार और मोबाइल भी जब्त किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 24 अप्रैल को 15 वर्षीय नाबालिग ने थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उसकी भाभी (30 वर्ष) को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर खुद को “विजय” बताते हुए रायगढ़ में नौकरी दिलाने का लालच दिया। 22 अप्रैल को आरोपी ने उन्हें मिलने के लिए अमलीडीह और फिर चिमटापानी बुलाया।

बताया गया कि रात करीब 8 बजे आरोपी अपनी कार में दोनों को बैठाकर सुनसान स्थान ले गया, जहां उसने पहले महिला से छेड़खानी की और विरोध करने पर नाबालिग के साथ भी जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने दोनों को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना घरघोड़ा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच की, जिसमें आरोपी की पहचान सुरेन्द्र बेहरा (34 वर्ष) निवासी रायकेरा के रूप में हुई। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को उसकी मारूति ब्रेजा कार सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने फर्जी नाम “विजय” बताकर अपराध करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। साथ ही पीड़िताओं से आरोपी और वाहन की शिनाख्त भी कराई गई, जिसमें उसकी पुष्टि हुई।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार के प्रलोभन देकर अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की है कि अज्ञात व्यक्तियों के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!