दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पूजा-पाठ, शेयर ट्रेडिंग में निवेश और पारिवारिक समस्याओं का समाधान कराने का दावा कर एक महिला से करीब 85 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर भिलाई नगर पुलिस ने मुख्य आरोपी पवन बधोरिया को मध्य प्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पारिवारिक समस्या का उठाया फायदा

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने बताया कि पीड़िता की मुलाकात वर्ष 2023 में रायपुर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान आरोपी से हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने अपनी निजी और पारिवारिक परेशानियों का जिक्र किया। इसी का फायदा उठाते हुए आरोपी ने पूजा-पाठ के जरिए सभी समस्याएं दूर करने का भरोसा दिलाया।

पूजा-पाठ और निवेश के नाम पर ली 85 लाख की रकम

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला से पूजा-पाठ, निजी जरूरतों और शेयर ट्रेडिंग में निवेश का लालच देकर अलग-अलग किस्तों में करीब 85 लाख रुपये हासिल कर लिए। लंबे समय तक न तो किसी तरह का लाभ मिला और न ही रकम वापस की गई।

पैसे मांगने पर दी जान से मारने की धमकी

जब महिला ने अपनी रकम लौटाने की मांग की, तो आरोपी ने पहले नौकरी दिलाने का झांसा दिया। बाद में उसने कथित रूप से जान से मारने की धमकी देकर पैसे लौटाने से साफ इंकार कर दिया। जांच के दौरान अवैध वसूली के भी तथ्य सामने आए।

इंदौर से दबोचा गया आरोपी

पीड़िता की शिकायत पर भिलाई नगर थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 351(3) और 308(3) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस की विशेष टीम ने इंदौर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। उसके पास से बैंक खाते से जुड़ा मोबाइल फोन और आधार कार्ड जब्त किए गए हैं।

वित्तीय लेनदेन की जांच जारी

पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की विस्तार से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस तरह की ठगी के और कितने मामले उससे जुड़े हो सकते हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!